Thursday, 23 February 2012

कितना कुरूप होता है ये डर....

कहीं
परतों में
दबे हुए
डरों ने
फ़िर से
दस्तक
दी है,
अन्दर ही
अन्दर
जो मुझे
खाए जा
रहे हैं..
परतों में
दबे रहने
के बाद तो
जीवाश्म
निकलते हैं,
लेकिन
ये डर,
इनके कभी
जीवाश्म
नहीं बनते..
आप जितनी
मुस्कुराहटों
या आँसुओं
के तले
इन्हें दबाइये
ये सर उठाकर
फ़िर खड़े
हो जायेंगे...
डरो मत!!
मुझसे कह दो,
ये ख़त्म
हो जायेंगे..
पर नहीं
ये ख़त्म
नहीं होते,
ये बार बार
हर बार
अपने होने का
अहसास
कराते हैं..
डरो मत!!
बहादुर बनो...
बहुत कीमत
चुकाई है
इस बहादुरी की..
फ़िर
ये डर क्यूँ!!
शायद
इनका कुछ
क़र्ज़ बाकी
रह गया
मुझपर,
उसी उधार को
वसूलने आये हैं..
सर्दियां
कुछ कम तो
हुई हैं
मगर,
माथे पर उगी
ये पसीने की
बूंदे
आती हुई
गर्मी की
दस्तक तो नहीं!!
नहीं,
ये वो पानी है
जो बहुत पहले
आँखों के कोनों
से निकलकर
माथे पर
जम गया...
मगर,
विद्रोह से तो
डर ख़त्म
होता है!!
लेकिन
कुछ डर
विद्रोह को
कुचल
डालते हैं,
ठीक वैसे ही
जैसे किसी की
आकांक्षाओं ने
मेरी बहादुरी में
हस्तक्षेप किया
और मेरी सोच को
निर्ममता से
कुचल दिया..
मैं
एक अँधेरे कोने
में बैठ
चीखती, चिल्लाती रही
के कोई मुझे
सुन न ले,
अपने डरों को
किसी और पर
ज़ाहिर
जो नहीं करना
चाहती..
पर मेरे
दिल के धड़कने
की आवाज़
इस डर को
और मज़बूत
बना रही है,
लिखते हुए
हाथों की कंपन
और टेढ़ी-मेढ़ी
लिखावट
इसे और विद्रूप
कर रही है..
जिन बड़ी बड़ी
आँखों को
लोग सुन्दर कहते हैं
वो आज
रक्तरंजित हैं,
मानों शरीर का
सारा रक्त
उनमें उतर
आया है...
ये शब्द भी
बेतरतीबी से
पन्नों को
काला कर
रहे हैं,
जैसे आज
अपने आस-पास
मौजूद
सारी चीज़ों को
बदसूरत बनाने पर
आमादा हैं,
और शायद मुझे भी....

2 comments:

  1. इसी लिए
    शायद इसीलिए
    तुम्हें डरना नहीं है
    क्योंकि
    तुम चेहरे और आंखों
    से
    कहीं आगे
    सुंदर हो
    मन से भी
    और डर बनाएगा
    कुरुप
    मन को भी
    थाम देगा
    जीवन को भी
    और
    इसीलिए
    चाहता हूं मैं
    तुमको...
    और ये
    कि न डरो तुम
    किसी से भी

    ReplyDelete
  2. अवसाद से उपजा डर
    और डर से मिलने वाला अवसाद
    दोनों हृदय से होकर
    मस्तिष्क में घुस जाते हैं
    इसलिए इसी लिए
    ह्रदय को मज़बूत करो
    अवसाद मत पनपने दो
    क्योंकि यह ही
    वह कीड़ा है जो
    तुम्हे अन्दर से खा जाएगा
    तुमको खबर होने तक
    और तुम डरते जाने के अलावा
    कुछ ना कर पाओगी
    ना रोक पाओगी
    किसी भी अजनबी को
    या किसी भी अवस्था को
    डरावनी शक्ल लेने से ....
    मार सको तो मार दो
    इस अवसाद और उस से
    उपजे डर को अपने अन्दर ही
    वैसे ही जैसे आज तक
    इच्छाएं मारती आई हो
    इच्छाओं को बाहर आने दो
    उनके साकार होने पर
    वह तुम्हारा साथ देंगी
    इस डर से लड़ने में
    तुम्हारी सहायता करेंगी
    मन को मारने से अच्छा है
    डर को मार डालो!!!!

    ReplyDelete